
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना फेज-1 पुलिस ने नोएडा के सेक्टर-3 में संचालित अवैध कॉल सेंटर का खुलासा करके दो महिलाओं समेत 7 को गिरफ्तार किया है। यह लोग टीवी चैनलों और ओटीटी प्लेटफॉर्म के सस्ते रिचार्ज कूपन उपलब्ध कराने के नाम पर अमेरिका निवासी प्रवासी भारतीयों से ठगी करते थे। ये लोग करीब 1 साल से कॉल सेंटर संचालित कर वारदात को अंजाम दे रहे थे।
एसीपी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस को नोएडा के सेक्टर-3 में अवैध कॉल सेंटर का संचालन करने की सूचना मिली थी। यहां के किफायती दरों पर रिचार्ज कूपन के माध्यम से टीवी चैनल और ओटीटी प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का झांसा दिया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने संबंधित कॉल सेंटर पर छापा मारकर सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एक विशेष एप के माध्यम से विदेश में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाते थे। नाम और मोबाइल नंबर के आधार पर अप्रवासी भारतीयों को कॉल करके किफायती दरों पर बड़ी तादाद में टीवी चैनल उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। झांसे में आने पर पीड़ित और अपने द्वारा बताए गए खाते से रकम ट्रांसफर कर लेते थे।
एसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में आशीष शर्मा पुत्र देवेंद्र शर्मा निवासी गली नंबर-7 चिल्ला पोस्ट ऑफिस के पास थाना मयूर विहार एक्सटेंशन दिल्ली, प्रखर मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा निवासी गली नंबर-7 शिव मंदिर के पास चिल्ला गांव थाना मयूर विहार नई दिल्ली, बारेपम सचिन सिंह पुत्र वाले बारेपम सदर सिंह निवासी गुरु कृपा विद्यालय के निकट जे ब्लॉक सेक्टर-22 नोएडा, गौरव पुत्र दिनेश सिंह निवासी शिव मंदिर चिल्ला गांव थाना मयूर विहार नई दिल्ली, विनेश पाल पुत्र लहरी पाल निवासी हनुमान मंदिर मालदा मार्केट न्यू अशोकनगर दिल्ली, स्वाति पुत्री राजीव निवासी संजयनगर थाना कविनगर गाजियाबाद तथा सरमाला पुत्री इबोचा निवासी गुरुकृपा विद्यालय निकट जे ब्लॉक सेक्टर 22 नोएडा है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 9 डेस्कटॉप, 7 की-बोर्ड, 9 माउस, 9 सीपीयू एक हैडफोन, एक लैपटॉप, एक वाई-फाई राउटर आदि बरामद किए हैं।