
Noida News (चेतना मंच)। जमीन बेचने के नाम पर जलसाजों ने एक व्यवसाई से 71 लाख 80 हजार रुपये हड़प लिए और बैनामा नहीं किया। पीड़ित ने जब पैसे वापस लौटाने अथवा बैनामा करने के लिए कहा तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने थाना बीटा-2 में 5 नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, षड्यंत्र रचने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम ददसिया जनपद फरीदाबाद निवासी दिनेश त्यागी ने बताया कि वह मैसेज डी क्रिश हनु इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर है। उसने ग्राम नंगली वाजिदपुर निवासी महेंद्र सिंह अजीत सिंह मनोज कमला देवी राजवीर से जमीन खरीदने के लिए सौदा किया था। जमीन खरीदने की एवज में उसने 71 लाख 80 हजार रूपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए थे। रजिस्ट्री के लिए भी उसने कई लाख रुपये के स्टांप पेपर खरीद लिए थे।
Read More - Noida News : पुलिस के लिए सिरदर्द साबित हो रहे बाइक सवार बदमाश, ताबड़तोड़ कर दी वारदातेंव्यवसाई के मुताबिक रजिस्ट्री के लिए जब रजिस्टर ऑफिस पहुंचा तो आरोपियों ने कहा कि वह बैनामा के पेपरों को अपने वकील से पढ़वाना चाहते हैं और इसके बाद पेपर लेकर चले गए। कुछ समय बाद उसने जब फोन पर संपर्क किया तो पांचों आरोपियों ने कहा कि उनके वकील ने कार्यों में कमी बताई है। पहले वह संतुष्ट हो जाए उसके बाद आकर बैनामा कर देंगे। व्यवसाई के मुताबिक आरोपी उसे बैनामा के लिए टालते रहे। 24 अप्रैल 2023 को वह नोएडा के गामा 2 सेक्टर स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर नकल निकलवाने के लिए गया तो पता चला कि पांचों आरोपी अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के लिए आए हुए हैं।
कारोबारी ने बताया कि उसने जब उनसे बैनामा करने अथवा पैसे वापस दिए जाने की मांग की तो सभी लोग आग बबूला हो गए। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। आरोपियों के चंगुल से किसी तरह उसने भाग कर अपनी जान बचाई। पीड़ित के मुताबिक उसने थाना बीटा-2 में आरोपियों के खिलाफ शिकायत की लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद उसने न्यायालय में वाद दायर कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई। न्यायालय के निर्देश पर पांच नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। Noida News