
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर-52 में रहने वाले फ्रांस के नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पड़ा हुआ मिला है। फ्रांस का नागरिक अक्टूबर माह में भारत आया था और सेक्टर-2 की एक बैकरी में नौकरी करता था।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बुधवार को सेक्टर-52 बी ब्लॉक निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनके मकान में किराए पर रहने वाला फ्रांस का नागरिक पियरे नेवनेन (67 वर्ष) अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। मकान मालिक ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद मौके पर थाना सेक्टर-24 पुलिस पहुंची।
पुलिस ने दरवाजा खुलवाने के लिए कई बार खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके पश्चात पुलिस ने लोगों की मौजूदगी में दरवाजे को तोड़ा। अंदर बिस्तर पर पियरे नेवनेन मृत हालत में पड़ा हुआ था। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुला कर साक्ष्य एकत्रित कराए गए। इसके पश्चात शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एडीसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मूल रूप से फ्रांस का रहने वाला पियरे नेवनेन गत अक्टूबर माह में वर्किंग वीजा पर फ्रांस से भारत आया था। वह सेक्टर दो स्थित फ्रेंच बेकरी प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी करता था। इसके पूर्व भी वर्किंग वीजा पर वह कई बार भारत आ चुका है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फ्रांस के नागरिक की मौत की सूचना फ्रांस एंबेसी को दे दी गई है।