Noida News : कड़ी सुरक्षा में जुमे की नमाज, कानपुर हिंसा के बाद पूरे राज्य में अलर्ट पर रही पुलिस
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:03 AM
Gautam Budh Nagar :गौतमबुद्घनगर। कानपुर में बीते 3 जून को हुई हिंसा के बाद आज जनपद गौतमबुद्धनगर में जुमे की नमाज के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज अता हुई। मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन से भी निगरानी रखी गई।
जुमे की नमाज को शांतिपूर्वक व्रत सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए थे। निर्देशों के तहत आज सुबह से ही सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र की मस्जिदों के बाहर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहुंच गए। सेक्टर-8 स्थित नोएडा की सबसे बड़ी जामा मस्जिद पर भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम थे।
पुलिस के अलावा यहां पीएससी के जवानों को भी तैनात किया गया था। एहतियात के तौर पर यहां पर फायर टेंडर भी लगाए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए पुलिस ने ड्रोन की भी मदद ली।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि वैसे तो क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद है लेकिन ईद व अन्य त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाता है। पुलिस का प्रयास रहता है कि सभी त्यौहार आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने बताया कि जुमे की नमाज को लेकर सभी थाना क्षेत्रों में धर्म गुरुओं के साथ बैठक की गई और उनसे अपील की गई कि सभी लोग शांति पूर्वक नमाज अता करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें और अफवाह फैलाने वालों की जानकारी पुलिस को दें जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। समाचार लिखे जाने तक जिले के किसी भी स्थान से कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं था।
वहीं उत्तर प्रदेश के संवेदनशील जिलों में जुमे की नमाज के चलते आज धारा 144 लागू की गई है। इसी के साथ पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी। कानपुर, लखनऊ, बरेली, वाराणसी, मथुरा सहित अन्य संवेदनशील जिलिों में शासन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। जुमे की नमाज को लेकर मेरठ में भी सतर्कता बरती जा रही है। जिले को सात जोन में बांटकर सभी प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस तैनात की गई है। डीएम एसएसपी समेत तमाम अफसर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर पैनी नजर रखी जा रही है।
अलीगढ़ में भी सतर्कता बढ़ती जा रही है। बाजार बंद की अपील करती पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर की गई थी। इस मामले में कल रात तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात की गई है। बरेली में ड्रोन से मस्जिदों के आसपास छतों की निगरानी की जा रही, एक दिन पहले इसी तरह पत्थर तलाशे गए थे। प्रत्येक थाना क्षेत्र को दो-दो ड्रोन दिए गए हैं। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में थाना पुलिस के साथ पांच कंपनी पीएसी, दो कंपनी आरएएफ लगाई गई है।