सोमवार से एक नहीं दो जगह दे सकेंगे ड्राइविंग टेस्ट
Noida News
नोएडा
चेतना मंच
19 Jul 2025 05:34 PM
Noida News : जिले के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस के लिए होने वाले टेस्ट में अब एक नहीं दो विकल्प मिलेंगे। सोमवार से दादरी बस रोड पर स्थित वाईबी बिल्डर्स ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर को भी लोग टेस्ट देने के लिए अब चुन सकेंगे। इसके लिए पोर्टल पर बदलाव किए जाएंगे, जिससे यह विकल्प भी लोगों की दिख सके और यहां पर टेस्ट देने के लिए लोग पहुंचे। अहम है कि इससे पहले जिले में अब तक दो ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोले गए हैं, दोनों ही बिसाहड़ा में खोले गए हैं। वहीं अभी जो तीन सेंटरों को खोला जाना है, वह भी ग्रेटर नोएडा में खुलेंगे।
नोएडा में एक भी सेंटर नहीं खुलने वाला
ऐसे में नोएडा में एक भी सेंटर नहीं खुलने वाला है। नोएडा के लोगों को टेस्ट देने के लिए लंबा सफर तय कर जाना होगा। सेंटर न खुलने से नोएडा वासियों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। अहम है कि पूर्व में आए निर्देश के तहत इस ट्रेनिंग सेंटर में होने वाले टेस्ट की निगरानी संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। साथ ही हर तीन माह में सेंटर का आॅडिट किया जाएगा और शासन को इसकी रिपोर्ट भी सौंपी जाएगी।
नया सेंटर खुलने से शिकायतों से छुटकारा मिलेगा
बिसाहड़ा में केवल एक ही ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर संचालित हो रहा था। जानकारों का मानना है कि नया सेंटर खुलने से पिछले काफी समय से आ रहीं शिकायतों से भी छुटकारा मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि अभी जिले में तीन और सेंटरों को खोला जाना है। उप संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को इसके लिए शासन की ओर से मंजूरी मिली और इसे शुरू करने का निर्देश दिया गया है। टेक्निकल टीम वेबसाइट में बदलाव कर रही है, जल्द ही यह भी पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार से यहां टेस्ट देने लोग जा पाएंगे। टेस्ट के लिए प्रक्रिया पहले की तरह ही रहेगी। इसके लिए पहले एआरटीओ कार्यालय जाकर बॉयोमेट्रिक कराना होगा फिर टेस्ट के लिए स्लॉट लेना होगा।