
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा में फर्जी फर्म बनाकर हजारों करोड रुपये का जीएसटी का फ्रॉड करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को नोएडा की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी फर्जी कंपनियां बनाकर फर्जी ई-वे बिल के जरिए जीएसटी रिफंड लेकर सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे थे।
नोएडा जोन के डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस पूर्व में पकड़े गए जीएसटी फ्रॉड के आरोपियों के मामले की पड़ताल कर रही थी। इस दौरान पुलिस को कुछ अन्य लोगों द्वारा भी जीएसटी फ्रॉड किए जाने का इनपुट मिला। सूचना के आधार पर एसीपी रजनीश वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इस टीम ने दिल्ली से पीयूष गुप्ता, राकेश शर्मा, दिलीप व राहुल निगम को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से फर्जी दस्तावेज फर्जी कंपनियां के बिल, बैंक पासबुक सहित अन्य कागजात बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह फर्जी कंपनियां बनाकर फर्जी बिलों के जरिए जमा कराए गए जीएसटी को रिफंड ले लेते थे।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पूरे सुनिश्चित तरीके से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस गिरोह का सरगना निशांत है जिसकी तलाश की जा रही है। निशांत के इशारे पर ही पकड़े गए आरोपी इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे। पकड़े गए चारों आरोपियों की फर्जीवाड़े में अलग-अलग जिम्मेदारी तय थी। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रतिदिन एक से डेढ़ करोड़ रुपए राजस्व का चूना लगा रहे थे। आरोपी पिछले कई वर्षों से इस फर्जीवाडे में संलिप्त थे।
प्रारंभिक जांच में 300 से अधिक फर्जी कंपनियों की जानकारी मिली है। अभी और अन्य कंपनियों की जानकारी मिलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जानकारी जुटा रही है।
आपको बता दें कि थाना सेक्टर-20 पुलिस ने पूर्व में फर्जी कंपनियां बनाकर जीएसटी रिफंड लेने वाले गिरोह का खुलासा किया था। इस मामले में पुलिस दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस इसी मामले की पड़ताल कर रही थी। इस दौरान पुलिस को पकड़े गए आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी।