
Noida News : नोएडा शहर में रहने वाले लाखों नागरिकों के लिए चिंता की खबर सामने आई है। खबर यह है कि पूरे नोएडा नगर में गंगा जल की आपूर्ति बंद हो गयी है। इस कारण नोएडा के नागरिकों को पीने के पानी की बड़ी किल्लत हो सकती है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि टयूबवैलों के जरिए पानी की आपूर्ति को पूरा करने के सारे इंतजाम किए जा रहे हैं।
आपको बता दें कि नोएडा शहर में गाजियाबाद के मुरादनगर से पाईप लाइन के द्वारा गंगा जल लाया जाता है। पूरे नोएडा शहर में प्रतिदिन 200 एमएलडी गंगा जल की आपूर्ति की जाती है। इन दिनों हरिद्वार से लेकर मुरादनगर तक गंग नहर की सफाई का काम चल रहा है। गंग नहर की सफाई के काम के कारण ही नोएडा में गंगा जल की आपूर्ति ठप्प हो गयी है। आशंका जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों तक नोएडा के लाखों नागरिकों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
आपको यह भी बता दें कि नोएडा शहर में प्रतिदिन 400 मिलियन लीटर (एमएलडी) पानी की खपत होती है। इस पानी में 200 एमएलडी पानी गंगा जल के रूप में सप्लाई किया जाता है। 200 एमएलडी पानी की सप्लाई नोएडा प्राधिकरण के द्वारा लगाई गई टयूबवैल तथा रैनीवेल के द्वारा की जाती है। नोएडा को गंगा जल की आपूर्ति न मिलने के कारण शहर में जल संकट पैदा न हो जाए इसको ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि गंग नहर की सफाई के कारण गंगा जल की आपूर्ति बंद करनी पड़ी है। फिर भी नोएडा के किसी भी नागरिक को पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।
नोएडा शहर में गंगा जल की आपूर्ति बंद होने के कारण नोएडा प्राधिकरण के CEO डा. लोकेश एम ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत प्राधिकरण के प्रत्येक जल खंड के सीनियर मैनेजर को पानी की आपूर्ति बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंप दी गयी है। जल विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दे दिए गए हैं कि किसी भी कीमत पर नोएडा शहर के किसी भी सेक्टर अथवा गांव में पानी की कमी नहीं होने देनी है। कम से कम 300 एमएलडी पानी की आपूर्ति को नियमित तौर पर बनाए रखना है। साथ ही आवश्यकता पडऩे पर टैंकर के द्वारा भी घरों तक पानी की आपूर्ति पहुंचाने की भरपूर तैयारी करके रखनी है।
नोएडा प्राधिकरण के जीएम पी.के0-. कौशिक ने बताया कि तीनों जल खंडों के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम करके नोएडा शहर में पानी की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के आदेश दिए जा चुके हैं।
इस बीच उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने बताया कि गंग नहर की सफाई का काम 13 नवंबर तक पूरा कर लिये जाने की उम्मीद है। 14 नवंबर से एक बार फिर नोएडा शहर के लिए गंगा जल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इसका मतलब यह हुआ कि इस वर्ष दीवाली-2023 का पर्व नोएडा के नागरिकों को गंगा जल के बिना ही मनाना पड़ेगा।