
Noida News: ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जिंदगी से परेशान एक युवती ने अपनी जान देने के लिए ऐसी जगह का चुनाव किया कि सभी लोग दंग रह गए। थाना बादलपुर क्षेत्र के छपरौला स्थित सूर्या सिटी में अपनी बहन के घर रह रही एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिस कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
मूलरूप से ग्राम नेजलपुर जनपद एटा निवासी 20 वर्षीय हेमा पुत्री ओमप्रकाश करीब 15 दिन पूर्व अपनी बहन के यहां सूर्य सिटी छपरौला में रहने के लिए आई थी। मंगलवार को हेमा की बहन अपने बच्चों को स्कूल छोडऩे के लिए चली गई। इस दौरान हेमा ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली कुछ समय बाद जब हेमा की बहन घर पहुंची तो उसे घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बादलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थी।
थाना बिसरख क्षेत्र के चिपयाना गांव के जंगल में एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि चिपयाना गांव के जंगल में एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवा कर उसकी शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान बम्हेटा गांव निवासी मोहित पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई। शिनाख्त होने पर परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोहित दूध सप्लाई का काम करता था। मोहित ने आत्महत्या की है अथवा उसकी हत्या की गई है इसका पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है।
थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के नॉलेज पार्क-3 में एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। मूलरूप से मधेपुरा बिहार निवासी 52 वर्षीय लक्ष्मी सोरेन नॉलेज पार्क-3 में झुग्गी में रहती थी। लक्ष्मी सोरेन मजदूरी का काम करती थी। बीती शाम उसने अपनी झुग्गी में बल्ली से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लक्ष्मी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।