
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्र से आठवीं कक्षा के छात्र सहित चार किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
ग्राम इस्लामाबाद कल्दा निवासी बुधराम सिंह ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका 13 वर्षीय पोता वंश 26 सितंबर को घर से ट्यूशन पढऩे के लिए गया था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। थाना बादलपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्रांतर्गत सेक्टर-50 में रहने वाले एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया है कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 24 सितंबर से लापता है। काफी तलाश करने पर भी किशोरी का कुछ पता नहीं चला। थाना बिसरख क्षेत्र के बिसरख से एक युवक पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
किशोरी के पिता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला अजीत पुत्र नन्हे निवासी जनपद अलीगढ़ उनकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया है। अजीत के झांसे में आकर उनकी बेटी घर से चांदी की पाजेब व 12 हजार रुपये भी साथ ले गई है।
इसके अलावा ग्रेेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र के एक गांव से 11वीं कक्षा की एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों के मुताबिक गत 26 सितंबर को छात्रा अपने घर से जेवर में ट्यूशन पढऩे के लिए आई थी। ट्यूशन पढऩे के बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला।
थाना जेवर में एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री को अगवा किए जाने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राकेश (काल्पनिक नाम) ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला दीपू पुत्र प्रमोद जाटव अपनी बहन नेहा व मां की मदद से उनकी बेटी को अगवा कर फरार हो गया। पीड़ित के मुताबिक उसने जब दीपू के परिजनों से अपनी बेटी के बारे में पूछताछ की तो उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी।