नोएडा । थाना दादरी पुलिस ने मोबाइल टावरों से चोरी करने वाले गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 40 लाख रुपए का चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए अभियुक्तों ने दो दर्जन से ज्यादा टावरों से सामान चोरी करना कबूल किया है।
थाना दादरी के सब इंस्पेक्टर वरुण पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना दादरी पुलिस ने बढ़पुरा गेट पर मोबाइल टावरों से चोरी किया गया कुछ सामान दिखाकर उससे सौदा करने आए शातिर चोर ओमप्रकाश उर्फ बबलू निवासी अलीगढ़ हाल पता अच्छेजा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल टावरों से सामान चोरी कर शकील कबाड़ी को बेच रहा था।
पुलिस ने कबाड़ी शकील निवासी वैशाली सेक्टर 2 गाजियाबाद मूलनिवासी इंचोली मेरठ को भी गिरफ्तार किया और उसके मकान से लगभग 40 लाख रुपए का चोरी किया गया टावरों का सामान बरामद किया। जिनमें टॉवर की बैटरी, रोटर, कार्ड, केबिल, रेडियो, जीपीएस आदि उपकरण शामिल हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसके अन्य साथी कौन-कौन हैं।