सरकार की सेवा करके रिटायर हुए बूढ़ों को मिला नया सारथी
Noida News
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 04:34 PM
Noida News : पूरी जवानी सरकार की सवेा की। बूढ़े होने पर रिटायर हो गए। अब सरकारी पेंशन पाने के लिए हर साल अपने जीवित होने का सबूत देना पड़ता है। जिंद होने के सबूत का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। यह कहानी उन करोड़ों बुजुर्गों की है जो किसी ना किसी सरकारी विभाग से रिटायर हुए हैं। इन तमाम बुजुर्गों को अब एक नया सारथी मिल गया है। यह सारथी बुजुर्गों को घर बैठे ही उनके जीवित होने का जीवन प्रमाण पत्र बनवाकर दे देगा।
क्या है योजना ?
आपको बता दें कि सरकारी विभागों से रिटायर हो चुके बुजुर्गों के लिए भारत सरकार के पोस्टल डिपार्टमेंट ने एक नई पहल की है। आपको पता ही होगा कि हर साल नवंबर के महीने में बुजुर्ग पेंशनरों को अपना जीवन प्रमाण पत्र सरकारी विभाग में जमा करना होता है। जो बुजुर्ग चल फिर नहीं सकते, उन्हें यह प्रमाण पत्र बनवाने में बेहद कष्ट होता है। अब इस प्रमाण पत्र को बनाने का जिम्मा पोस्टल डिपार्टमेंट ने संभाल लिया है।
डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पेंशनर्स की समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बड़ी पहल शुरू की है। अब पेंशनरों को किसी सरकारी दफ्तर में नहीं जाना पड़ेगा। डाक विभाग में मात्र 70 रुपये का शुल्क देकर डाकिए अथवा ग्रामीण डाक सेवक के द्वारा पेंशनरों को डिजीटल जीवन प्रमाण पत्र मिल जाएगा। इस प्रमाण पत्र को डाक विभाग आन लाइन संबंधित विभाग को भेज देगा। इस योजना के लागू होने से करोड़ों बुजुर्ग पेंशनरों को बड़ा लाभ मिलेगा।
ऐसे बनेगा प्रमाण पत्र
जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की नई सुविधा का लाभ उठाने के लिए पेंशनर्स खुद अथवा अपने किसी सहयोगी के माध्यम से पोस्ट इंफो मोबाइल का उपयोग कर सकते हैं। इस एप पर आवेदन करने से आपके क्षेत्र का डाकिया आपके घर आ जाएगा और आपसे आपका मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और दूसरे जरूरी दस्तावेज लेकर आपका बायोमेट्रिक तैयार कर देगा। इस प्रकार आपका जीवन प्रमाण घर बैठे बैठे ही तैयार हो जाएगा और आपको घर बैठे बैठे आनलाइन पेंशन भी मिल जाएगी। इस योजना के लागू होने से बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने राहत की सांस ली है।
ग्रेटर नोएडा - नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।