Noida News : उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर के उदघाटन और श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उत्साह नोएडा में भी देखने को मिल रहा है। रविवार को नोएडा की जेपी अमन सोसायटी में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद भजन कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
आपको बता दें कि सोमवार को अयोध्या में भगवान श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस अवसर पर पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी अनेक आयोजन हो रहे हैं। रविवार को नोएडा के सेक्टर 151 स्थित जेपी अमन सोसायटी में रविवार की सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में शामिल महिला और पुुरुष श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। पीत वस्त्र धारण कर महिलाएं अपने सिर पर कलश धारण करके चल रही थी।
इस मौके पर भाजपा नेता योगेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की शाम से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा और सोमवार को भव्य भंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि जेपी अमन समिति परिसर में भी श्रीराम भगवान की मूर्ति स्थापित की गई है, जहां पर भजन कीर्तन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम सोमवार को होगा। इसी क्रम में यह आयोजन रखा गया है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी का सौभाग्य है कि हम अयोध्या में हो रहे भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बना रहे हैं।