
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आपने सुना होगा कि नानी के लिए नाती बेहद प्यारे होते हैं। लेकिन यहां पर एक नानी ने ही अपने नाती का एक लाख रुपये में सौदा कर दिया। नाती को बेचने के लिए नानी ने अपहरण कराया और फिर एक लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस ने आरोपी नानी को यूपी के संभल से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
मामला ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत शाहबेरी इलाके का है। शाहबेरी निवासी महिला शिवांगी ने इस्लाम नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। शिवांगी के गर्भवती होने पर अप्रैल 2023 में शिवांगी ने अपनी मां बबीता को देखभाल के लिए अपने पास बुला लिया। शिवांगी ने एक बेटे को जन्म दिया था। शिवांगी को बेटा होने के बाद भी उसकी मां बबीता उसके पास ही रुकी रही। जानकारी के अनुसार, दस मई को इस्लाम अपने काम पर चला गया और शिवांगी दवा लेने गई थी।
इसी दौरान बबीता उनके एक माह के मासूम बच्चे अरमान को अगवा कर फरार हो गई। बबीता ने आखिरी कॉल अपने पति को की थी। इसके चलते पुलिस ने शिवांगी के पिता से भी पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस की जांच ठंडी हो गई, लेकिन शिवांगी और इस्लाम बेटे की तलाश में जुटे रहे।
चूंकि शिवागी ने दूसरे धर्म के युवक से शादी की थी, जिसके चलते उसने किसी अनहोनी की आशंका जताई थी। बुधवार, 29 नवंबर को शिवांगी और इस्लाम, बबीता के संभल स्थित मुटैना गांव पहुंचे। यहां उन्हें बबीता कुछ दिन पहले ही आई थी। बबीता ने बच्चे को हापुड़ में जमुना नाम की महिला के जरिये दंपति को बेचने की बात कबूल की।
शिवांगी और इस्लाम के अनुसार, आरोपी बबीता काफी पूछताछ के बाद उनके बच्चे को बेचने की बात कबूल की। उसने बताया कि हापुड़ में एक महिला रहती है। उसके सात बेटियां हैं। उसी महिला व उसके पति को अपहरण के चार दिन बाद ही एक लाख रुपये में बच्चा बेच दिया गया था। बच्चा बेचने की बात कबूल करते हुए दंपती के पास वीडियो है। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस बताए गए पते पर पहुंची तो वहां आरोपी महिला नहीं मिली। हालांकि उसका सुराग पुलिस को मिला है। जल्द गिरफ्तारी होगी।