
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र स्थित एक कंपनी से गार्डों ने लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया। कंपनी प्रबंधन ने दोनों गार्ड के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं थाना बिसरख में एक महिला ने अपनी घरेलू सहायिका के खिलाफ घर से नगदी व जेवरात चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के कुलेसरा निवासी मिथिलेश कुमार सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी फेस-2 सी ब्लॉक में कैन्डा फॉर्बेन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी है। इस कंपनी में एडहेसिव बनाया जाता है। कंपनी में सुरक्षा के लिए रूपेंद्र सिंह व आकाश मिश्रा गार्ड के रूप में रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि गार्ड रूपेंद्र सिंह व आकाश मिश्रा ने एडहेशिव बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कच्चा रबर और टीपीयू के लगभग 10 कट्टे कंपनी से चोरी कर लिए। इसके अलावा अन्य सामान भी कंपनी से गायब है।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख में पंचशील हाईनेस सोसाइटी में रहने वाली प्रियंका गुप्ता ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसने अपने यहां घरेलू कार्य के लिए सहायिका के रूप में सिया नाम की महिला को रखा हुआ है। प्रियंका गुप्ता के मुताबिक सिया ने उसके घर की अलमारी में रखे बैग से 5000 रूपये, एक गोल्ड रिंग व दो हीरे की अंगूठी चोरी कर ली। उसने जब सिया से नकदी व जेवरात के बारे में पूछताछ की तो उसने जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक नामजद आरोपियों से पूछताछ कर मामलों के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।