
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बरौला गांव से अपहृत हुई युवती के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है लेकिन अपहृत युवती और आरोपी अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लग पाए हैं।
थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि अपहरणकर्ता रोबिन खान को सहयोग करने वाले बदायूं निवासी संदीप चौहान के पिता वीरपाल को गिरफ्तार किया गया है। पूर्व में युवती को भगा ले जाने वाले रोबिन खान के पिता बबलू हाजी व एक अन्य को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीनो आरोपियों के खिलाफ षड्यंत्र रचने की धारा 120बी के तहत कार्रवाई की गई है। बता दें कि बरौला गांव से एक युवती करीब एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले रोबिन खान पर उसके अपहरण का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। एक माह बीतने के बाद भी आरोपी युवक वह युवती के बारे में पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
इस मामले में पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद भी उसके हाथ अभी तक खाली ही नजर आ रहे हैं। एक माह का समय बीतने के बाद भी युवती के बरामद न होने से परिजनों में खासा आक्रोश व्याप्त है। वही मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में भी तनाव बना हुआ है।