
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। आबकारी विभाग की टीम ने गौर सिटी के पार्क प्लाजा स्थित स्काई बार में छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया। बार में अस्थाई लाइसेंस की आड़ में ग्राहकों को हरियाणा राज्य की शराब पिलाई जा रही थी। छापेमारी के दौरान बार का मैनेजर मौके से फरार हो गया।
नोएडा सर्किल-4 के आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही ने बताया कि वे आबकारी निरीक्षक रवि जायसवाल गौरव चंद वह अन्य कर्मियों के साथ अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि थाना बिसरख क्षेत्र के सिटी पार्क प्लाजा स्थित स्काईबार रेस्टोरेंट में ग्राहकों को अवैध रूप से हरियाणा की शराब पिलाई जा रही है।
सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने स्काई बार रेस्टोरेंट में छापा मारा तो वहां कई लोग शराब और बीयर पीते हुए मिले। रेस्टोरेंट के संचालक ने उन्हें एफ एल 11 ऑकेजनल बार लाइसेंस दिखाया। काउंटर के पीछे बने कमरे की तलाशी में हरियाणा राज्य की जॉनी वॉकर, रेड लेबल, टीचर्स हाइलैंड्स, वैलेंटाइन, बकार्डी व वोदका, मंकी शोल्डर शराब की बंद व खाली बोतल मिले। इसके अलावा तीन पेटी कोरोना एक्स्ट्रा बियर के भी बरामद हुई। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि इस दौरान रेस्टोरेंट का मैनेजर बजरंगी मौके से फरार हो गया।
Noida Newsआबकारी विभाग की टीम ने शराब काउंटर पर बैठे पुष्पराज सिंह व शराब परोस रहे अमित कुमार शर्मा, नरेश चंद व सुधीर भट्ट को दबोच लिया। चारों आरोपियों को थाना बिसरख पुलिस के हवाले कर उनके खिलाफत मामला दर्ज कराया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अस्थाई लाइसेंस लेकर बार में आए लोगों को हरियाणा की शराब परोसते थे। Noida News