
Noida News (चेतना मंच)। नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों का चालान कर रहे यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल के साथ गाली गलौज, मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक युवक को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब के नशे में हेड कांस्टेबल के साथ जमकर अभद्रता की थी।
यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल ओंकार सिंह सेक्टर-98, 104 के चौराहे पर यातायात को नियंत्रित कर रहे थे। बारिश होने तथा सडक़ों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों की वजह से यातायात जाम हो रहा था। इस दौरान वह नो पार्किंग जोन में खड़ी गाडिय़ों का चालान कर रहे थे। चालान करने के दौरान एक कार से नशे में धुत युवक बाहर निकला और उनके साथ चालान को लेकर दुर्व्यवहार करने लगा।
हेड कांस्टेबल ओंकार सिंह ने बताया कि उन्होंने युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन उसने नशे में उनके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। झगड़ा होता देखकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद उन्होंने थाना सेक्टर 39 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी युवक को थाने ले आई जबकि उसका दूसरा साथी कार लेकर मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित पुत्र सुभाष निवासी ग्राम गढ़ी थाना चांदीनगर बताया। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट व गाली गलौज करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। Noida News