
Noida News : (चेतना मंच)। थाना सेक्टर 113 में तैनात हेड कांस्टेबल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गाजियाबाद में एक होटल के कमरे में मिला है। थाना कोतवाली गाजियाबाद पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के मीडिया सेल ने बताया कि मूलरूप से ग्राम नरियावल थाना बिथरी चैनपुर जिला बरेली निवासी रामसेवक मिश्रा 10 जनवरी 2022 से थाना सेक्टर 13 में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। गत 14 जून 2023 को उन्हें डायल 112 प्रशिक्षण के लिए रिजर्व पुलिस लाइन गौतमबुद्धनगर के लिए रवाना किया गया था। रामसेवक मिश्रा ने 16 जून तक अपनी आमद रिजर्व पुलिस लाइन गौतमबुद्धनगर मे दर्ज नहीं कराई। इस पर उनकी गैर हाजरी अंकित की गई। तभी से वह लगातार गैरहाजिर चल रहे थे।
मीडिया सेल ने बताया कि थाना कोतवाली गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को सूचना दी कि गाजियाबाद के बजरिया स्थित होटल मरीना में एक शव बरामद हुआ है। मृतक की शिनाख्त हेड कांस्टेबल रवि मिश्रा के रूप में हुई है। गाजियाबाद पुलिस ने फील्ड यूनिट बुलाकर मौके का निरीक्षण किया और हेड कांस्टेबल रामसेवक मिश्रा के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रामसेवक मिश्रा की दिमागी हालत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी। उनका सेक्टर 39 स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय तथा कैलाश अस्पताल में मनोचिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था। हेड कांस्टेबल की मौत से परिजनों व पुलिसकर्मियों में शोक व्याप्त है। Noida News