
Noida News (चेतना मंच)। उत्तराखंड में स्थित तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर इन दिनों जालसाजी का धंधा खूब फल-फूल रहा है। ऐसा ही एक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीडि़त का आरोप है कि हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर उसके साथ 1 लाख, 20 हजार 300 रूपये की ठगी हो गई।
नोएडा के क्लासिक जेपी ग्रीन विश टाउन निवासी सौरव प्रताप सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने हेमकुंड साहिब के लिए वेबसाइट helicopterbooking.org.in से हेलीकॉप्टर की टिकट के लिए ऑनलाइन बुकिंग की थी। उन्होंने गोविंदघाट से गंगारिया हेमकुंड साहिब के लिए टिकट बुक किया था। इसकी एवज में उन्होंने 1 लाख 20 हजार 300 रूपये ट्रांसफर किए थे। पैसे अदा करने के बावजूद उन्हें टिकट नहीं मिला।
उन्होंने वेबसाइट पर पैसे रिफंड के लिए अप्लाई किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खुद के ठगे जाने का एहसास होने पर उन्होंने गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच पड़ताल के बाद साइबर सेल द्वारा यह मामला थाना एक्सप्रेसवे को ट्रांसफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।