विज्ञापन

Noida News : यूपी के नोएडा शहर के सेक्टर 138 में स्थित एक प्राइमरी स्कूल के बच्चे इन दिनों गंदगी भरे माहौल में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। स्कूल के पास स्थित खेतों में पड़े कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारी फैलने का भय भी छात्र छात्राओं को सता रहा है।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 138 स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के नजदीक स्थित एक मैदान को कुछ कबाड़ियों ने कचरा घर बना दिया है। यहां स्थित गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अपने खेतों को कबाड़ियों को दे रखा है। जिस कारण कबाड़ी दिनभर कचरा एकत्रित करके प्राइमरी स्कूल के पास वाले खेतों में डाल देते हैं। जिस कारण स्कूल में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं को भारी परेशानी का सामन करना पड़ रहा है। हाल यह है कि कचरे और गंदगी के कारण स्कूल में छात्र छात्राओं को बैठना भी दुश्वार हो गया है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्राइमरी स्कूल के पास स्थित कुछ सोसायटियों से निकलने वाला सारा कचरा कबाड़ी यहां लाकर डाल देते हैं। स्कूल में हर समय बदबू का माहौल बना रहता है जिससे प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को बीमारियां होने का खतरा बना रहता है। इस बारे में कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक भी कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है।
विज्ञापन