
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के सेक्टर-27 स्थित अट्टा मार्केट में सीवर कार्य के चलते सैकड़ों दुकानदार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। नोएडा प्राधिकरण और यातायात पुलिस के साथ फैसला होने के बाद भी ठेकेदार ने नोएडा की अट्टा चौकी से विनायक अस्पताल की ओर जाने वाली सर्विस रोड के निकट अंडरपास पर यू-टर्न तथा लेफ्ट टर्न को पूरी तरह बंद कर दिया है।
नोएडा की अट्टा मार्किट के पास पास रास्ता बंद कर दिए जाने के कारण पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्राहकों के न आने के कारण पिछले कई दिनों से दुकानदार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।
अट्टा मार्केट ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. सीबी झा समेत सैकड़ों दुकानदारों तथा पदाधिकारियों ने इसकी लिखित शिकायत नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल प्रभारी तथा जल एवं सीवर के अफसरों से की है।
अध्यक्ष डा. सीबी झा ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण, यातायात पुलिस ने मार्केट एसोसिएशन के साथ स्थलीय निरीक्षण किया था जिसमें यह निर्णय लिया गया था कि अंडरपास की दीवार से 20 फीट तक सडक़ को किसी भी रूप में अवरूद्ध नहीं किया जाएगा। लेकिन इसके बाद भी ठेकेदार द्वारा मार्ग को पूरी तरह अवरूद्ध कर दिया गया है। इससे दुकानदारों में काफी रोष व्याप्त है। Noida News