
Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ रही मोबाइल फोन व अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर नोएडा कमिश्नरेट पुलिस लगातार सक्रियता दिखा रही है। पलक झपकते ही मोबाइल फोन पर हाथ साफ करने वाले एक चोर समेत पुलिस ने 24 घंटों में पांच शातिर चोरों को जेल का रास्ता दिखाया है।
नोएडा के घरों से कीमती स्मार्टफोन व लैपटॉप चोरी करने के एक आरोपी को थाना फेस 3 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पास से चोरी के 5 स्मार्ट फोन व एक टेबलेट बरामद हुआ है। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर मामूरा चौक से सूरज पुत्र अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इसके पास से 5 स्मार्टफोन व एक टेबलेट बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोबाइल फोन चोरी के हैं। इन मोबाइल फोन व टेबलेट को उसने अलग-अलग स्थानों से चोरी किया था। थाना प्रभारी के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से भदोही का रहने वाला है और हाल में मामूरा में किराए पर रह रहा है। आरोपी घूम फिर कर ऐसे घरों को चिन्हित करता था जिनका दरवाजा खुला होता था। मौका पाकर वह कमरे में घुसकर पलक झपकते ही मोबाइल फोन व लैपटाप चोरी की वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाता था।
Read More - Noida News : दो बिल्डरों पर चला अदालत का चाबुक, ब्याज समेत चुकाने पड़ेंगे पैसेग्रेटर नोएडा मेंएलजी कंपनी से लोहे की ट्रॉली से भरे कैंटर को चोरी करने वाले दो चोरों को थाना सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के समान से भरा कैंटर बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि गत दिनों एलजी कंपनी के गेट नंबर 2 से लोहे की ट्रॉली से भरा कैंटर चोरी हो गया था। इस संबंध में कंपनी द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सूचना पर तिलपता गोल चक्कर से समीर पुत्र रियासत और पुष्पेंद्र पुत्र रामकुमार को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी किया गया कैंटर बरामद हुआ है। थाना प्रभारी के मुताबिक पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर चोर हैं और उन्होंने चोरी की कई अन्य वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने हवेलिया वैलेंसिया सोसाइटी से चोरी हुई बाइक को बरामद कर दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों चोरों ने बाइक को सोसाइटी की पार्किंग से चोरी कर लिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना के आधार पर बिहारी मार्केट के पास से विकास बैसला पुत्र महेंद्र बैसला व संजीव भाटी पुत्र तेजवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर संस्कृति सोसाइटी के पीछे खाली पड़े मैदान में छुपा कर रखी गई बाइक को बरामद किया गया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह बाइक गत दिनों हवेलिया वैलेंसिया सोसाइटी की पार्किंग से चोरी की थी। बाइक चोरी के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही थी। Noida News