
Noida News : जिस पति को परमेश्वर मानकर पूजा और ससुर को पिता मानकर सम्मान दिया उन्होंने ही तमाम मर्यादाओं को ताक पर रखकर घर की लक्ष्मी के साथ बर्बरता की तमाम हदें पार कर दी। बाप बेटे ने मिलकर बहू को इस कदर पीटा कि वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई। पति और ससुर की हैवानियत का शिकार हुई महिला ने अपने ससुर पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए थाना सेक्टर 113 में मुकदमा दर्ज कराया है।
मूल रूप से जौनपुर निवासी संगीता काल्पनिक नाम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने ससुराल वालों के साथ सेक्टर 115 में रह रही है। गत 17 अगस्त की रात उसका ससुर विनोद सिंह उसके कमरे में घुस आया और उसे गलत नियत से दबोच लिया। पिता समान ससुर की इस हरकत से वह हैरान रह गई और शोर मचा दिया। उसके शोर मचाने पर उसका पति विकास सिंह व सास निर्मला सिंह भी मौके पर आ गई। दोनों ने उसको भला बुरा कहते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
Read Also - Noida News : पांच सितारा जिंदगी जीने वाला युवक निकला ”सुपर चोर”, नोएडा में कर रहा था मौज मस्तीसंगीता का आरोप है कि तीनों लोगों ने मिलकर उसे दबोच लिया और उसका कई बार उसका सिर दीवार में देकर मारा। इस दौरान उसके पति ने कई बार उसे जमीन पर पटका जिससे उसका दांत टूट गया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर उसे कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह उसने अपने दूसरे फोन से डॉयल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे लेकर थाना सेक्टर 113 पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कार्यवाही के नाम पर थाने में उससे कुछ सादे पेपरों पर साइन करा लिए गए और उसे समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया।
थाना पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई न किए जाने पर पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मुलाकात कर न्याय देने की गुहार लगाई है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर उसके पति विकास सिंह व ससुर विनोद सिंह के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। Noida News