
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना फेस 2 क्षेत्र के गंदे नाले के पास एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला किया। युवक ने अपनी पत्नी को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। हड़बड़ी में पैर फिसलने के कारण महिला नीचे गिर गई और गोली लगने से बच गई। महिला के भाई ने उसके पति के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा की जीतराम कॉलोनी भंगेल निवासी राजा ने नोएडा के थाना फेज 2 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन राजकुमारी की शादी अमित कुमार मित्तल के साथ हुई थी। राजकुमारी का अपने पति से विवाद चल रहा था जिस कारण वह पिछले चार माह से मायके में उसके पास रह रही थी। इस दौरान अमित कुमार मित्तल ने कई बार राजकुमारी के साथ मारपीट कर उसे जान से करने का प्रयास किया।
राजा के मुताबिक बीती शाम उसकी बहन राजकुमारी गंदे नाले के रास्ते से आ रही थी। रास्ते में सुनसान जगह पर उसे अमित कुमार मित्तल ने घेर लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। इस बात का राजकुमारी ने विरोध किया तो अमित कुमार ने जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर कर दिया। निशाना चूकने के कारण गोली राजकुमारी को नहीं लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ इकट्ठा होते देखकर अमित कुमार मित्तल जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। Noida News in hindi