
Noida News (चेतना मंच)। बेटे पर हुए जानलेवा हमले के मामले में गवाही देने पर दबंग पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जानलेवा हमले के आरोपी ने पीडि़त के साथ मारपीट कर धमकी दी कि कोर्ट का फैसला आने से पहले ही उसके पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। हालांकि इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर 49 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव बरौला निवासी छेदा लाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 11 अक्टूबर 2018 को विशाल पुत्र विजयपाल भाटी, अजय पाल भाटी पुत्र हरिराम भाटी, विजय भाटी पुत्र हरिराम भाटी, संदीप और रवि ने मिलकर उनके उसके बेटे अनिल कुमार गुप्ता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में उन्होंने आरोपियों के खिलाफ अदालत में गवाही दी थी। गत 7 जुलाई को अदालत में इस मुकदमे की बहस हुई और 21 जुलाई को फैसले की तिथि तय हुई।
छेदा लाल का कहना है कि सुनवाई के बाद उसी दिन शाम को लगभग 6 बजे वह अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला था। इस दौरान घर के पास उसे विशाल पुत्र विजयपाल भाटी व उसके एक साथी ने रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ 7 जुलाई को थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। छेदा लाल का कहना है कि 9 जुलाई को जेल से छूट कर आने के बाद विशाल उन्हें व उनके पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहा है। Noida News