
Noida News (चेतना मंच)। धूम फिल्म की तर्ज पर करिज्मा स्पोर्ट्स बाइक पर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले 2 शातिर चेन स्नैचरो को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूटी गई चेन खरीदने वाले सुनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब साढ़े पांच लाख रुपए मूल्य की लूटी गई सोने की 5 चेन भी बरामद हुई है। पकड़े गए स्नेचर सोसाइटी के आसपास महिलाओं को टारगेट कर चेन लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
नोएडा जोन के डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि एसीपी रजनीश वर्मा के नेतृत्व में थाना सेक्टर 20 प्रभारी मनोज कुमार सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर नंद नगरी दिल्ली निवासी मनजीत, राजू व राजेश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक स्पोर्ट्स बाइक करिज्मा, महिलाओं से लूटी गई सोने की 5 चेन व अन्य सामान बरामद हुआ है। बरामद चेन की कीमत करीब साडे पांच लाख रुपए के आसपास हैं। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया राजेश सुनार का काम करता है और यह दोनों आरोपियों से लूटी गई सोने के चेन को सस्ते दामों पर खरीद कर उन्हें गला देता था।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया मंजीत पूर्व में नोएडा में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम कर चुका है। इस कारण उसे नोएडा के भौगोलिक क्षेत्र की पूरी तरह से जानकारी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद यह आसानी से नोएडा से निकलकर दिल्ली पहुंच जाते थे। डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने नोएडा क्षेत्र में 8 से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अधिकतर सोसाइटी के बाहर महिलाओं को ही टारगेट बनाते थे।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी अक्सर शाम के समय अपने बैग में सब्जी व शराब की बोतल लेकर चलते थे। वारदात होने के बाद अगर चेकिंग होती थी तो आरोपी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी खत्म कर घर जाने की बात कह कर बच निकलते थे। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि पकड़े गए मनजीत व राजू वारदात को पूरे शातिराना अंदाज में अंजाम देते थे।
शाम के समय आरोपी अपने गले में किसी भी कंपनी का फर्जी आई कार्ड डालकर निकलते थे। इसके अलावा वह अपने साथ एक बैग भी रखते थे। इस बैग में वह सब्जी व शराब की बोतल रखे रहते थे। चेकिंग के दौरान अगर पुलिस अगर इन्हें रोक कर तलाशी लेती तो उनके बैग में सब्जी व शराब की बोतल देखकर लगता था कि वह ड्यूटी खत्म कर वापस अपने घर जा रहे हैं। पकड़े गए आरोपी इसी तर्ज पर वर्ष 2003 से चेन लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।