
Noida News / ग्रेटर नोएडा। विश्व पर्यावरण दिवस पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अनेकों संस्थाओं की ओर से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पर्यावरण दिवस पर लोगों ने जहां पेड़ पौधे लगाए जाने पर जोर दिया, वहीं पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प भी लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर के सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा ने आई.टी.आई. कालेज, सैक्टर-31 के प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। सांसद डा. महेश शर्मा ने कहा कि इस दिन विभिन्न संस्थायें, दफ्तर, स्कूल, कॉलेज आदि में पर्यावरण से संबंधित क्वीज, भाषण, चित्रांकण प्रतियोगिता या अन्य कार्यक्रम या पौधारोपण अभियान आयोजित किये जाते है। साथ ही साथ पर्यावरण को स्वच्छ बनाये रखने का संकल्प भी प्रत्येक जनपदवासी को लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पर्यावरण को साफ-सुथरा बनाना बेहद जरूरी है। इस कार्यक्रम में सी. एण्ड एस इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश कुमार चन्द्राकर, आई.टीआई. के मेरठ मण्डल के संयुक्त निदेशक सुशील कुमार, आई.टीआई. नोएडा के प्रधानाचार्य राधाकृष्ण, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, चन्दगीराम यादव, अशोक कुमार एवं आई.टी.आई के शिक्षक एवं छात्रगण आदि काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर डीडी आरडब्लूए फेडरेशन द्वारा सेक्टर-35 के पार्क में सफाईगिरी और पौधा रोपण कार्यक्रम किया गया और पर्यावरण को स्वच्छ, हरित और खुशहाल रखने का संकल्प लेते हुए 21 पौधे लगाए गए। इस मौके पर डीडीआरडब्लूए अध्यक्ष एन पी सिंह ने फैडरेशन के सदस्यों व सेक्टरवासियों को स्वच्छता और पर्यावरण को साफ और हरित रखने की शपथ दिलाई। इस मौके पर डीडीआरडब्लूए वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, उपाध्यक्ष अनिल खन्ना, सेक्टर-35 अध्यक्ष एस के वेद, महिपाल सिंह, राजीव जैन, सिंगला, अनिल तलवार, यशपाल सिगंला, महीपाल सिंह, अनिल पाठक, कर्नल पी एल भाटिया, और आर चौहान आदि उपस्थित रहे।
युगधारा फाउंडेशन टीम द्वारा सेक्टर-71 में लोगों को सैकड़ों पौधे निशुल्क बाँटे गये। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील की गई। संस्था के चेयरमैन अरुण कुमार ने बताया कि संस्था द्वारा इनडोर व आउटडोर पौधों को तैयार किया गया. जो कम पानी में जीवित रहते है। इससे जल बचाव भी होता है। इनमें ऑक्सीजन प्लांट बौगैनविलिया आदि शामिल हैं।
अध्यक्ष श्वेता त्यागी ने बताया कि यह पौधे पेट्रोल पम्प, सरकारी अस्पताल व सोसाइटी में उन लोगों को निशुल्क दिये गये जो पौधों की अच्छी से देखभाल कर सकें। महासचिव कपिल त्यागी ने समस्त सदस्यों को शपथ दिलाई कि हम अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधरोपण करेंगे। इस अवसर पर अशोक शर्मा, विमला कुमारी, सुषमा अवाना, सतबीर त्यागी, अशोक पांडे, राहुल अवाना, विनोद सिंह, रिषभ आदि उपस्थित रहे।
सरला चोपड़ा डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-56 में विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण की रक्षा और स्वस्थ जीवन शैली को प्रोत्साहन देते हुए स्कूल के प्रांगण में कई प्रकार के पेड़-पौधे लगाए। स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती चित्राकांत ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय में ऐसे आयोजन विद्यार्थियों तथा समाज के लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं। विद्यार्थियों ने भी अपने- अपने घरों में तथा आसपास के क्षेत्रों मे पेड़ पौधे लगाकर पर्यावरण के प्रति अपना कत्र्तव्य निभाया।
सेक्टर-19 आरडब्ल्यूए और एचसीएल फाउंडेशन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेक्टर के निवासियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ मिलकर ‘प्लागिंग-ड्राइव’ अभियान चलाया । सामुदायिक केंद्र में एकत्रित निवासियों को आरडब्ल्यूए महासचिव लक्ष्मी नारायण तथा एचसीएल फाउंडेशन की प्रतिनिधि श्रीमती मोनिका ने प्लागिंग-ड्राइव व स्वच्छता-अभियान के महत्व के बारे में बताया और सभी ने मिलकर सूखा कचड़ा एकत्र करने में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष आर सी गुप्ता, जनरल सेक्रेट्री लक्ष्मी नारायण के अलावा और आरडब्ल्यूए के अन्य पदाधिकारियों में राज कुमार चौहान, एनसी वरुण, डी.एस रावत, समीर सूर, आर एस गुप्ता, एन एस चौहान, आर के पंत, एम एल प्रताप, गुलशन कुमार, आर के प्रथम व गिरीश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर फैमिली प्लांनिंग एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया द्वारा नोएडा के हरौला सेक्टर-5, सेक्टर -8 एवं सेक्टर 9 में जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली के माध्यम से एसोसिएशन से जुड़े लोगों ने प्लास्टिक के प्रयोग को बंद करने, पानी का दुरूपयोग रोकने, पेड़ लगाने तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखने का सन्देश दिया।