
Noida News : (चेतना मंच)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शराब की दुकानें बंद होने के कारण शराब के अवैध कारोबारियों ने जमकर चांदी काटी। ड्राई डे पर लाल परी के शौकीन लोगों से अवैध शराब विक्रेताओं ने मुंह मांगी रकम वसूल की। हालांकि ड्राई डे को लेकर आबकारी विभाग भी सक्रिय नजर आया। आबकारी विभाग ने परचून, सब्जी की दुकान, कबाड़ के गोदाम व अन्य स्थानों पर शराब बेच रहे पति पत्नी सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि असगरपुर गांव में परचून की दुकान पर अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने परचून की दुकान पर छापा मार कर हृदय व उसकी पत्नी रेशा को दबोच लिया। परचून की दुकान की तलाशी लेने पर 6 पेटी हरियाणा मार्का देसी शराब बरामद हुई। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया ह्रदय दुकान के बाहर स्कूटी खड़ी कर उस पर शराब बेच रहा था। दंपत्ति के खिलाफ थाना सेक्टर 126 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
Read More - यूपी पुलिस की हैवानियत फिर आई सामने, पुलिस वाले ने एक व्यक्ति को सड़क पर गिराकर पीटा, देखें वायरल वीडियोथाना सेक्टर 63 क्षेत्र में आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही ने सूचना के आधार पर सेक्टर 63 एफएनजी रोड स्थित कबाड़ की दुकान पर छापा मारा। यहां से विनोद पाल पुत्र अरविंद पाल निवासी फर्रुखाबाद को हिरासत में लिया गया। कबाड़ी की दुकान में रखे कट्टे से 165 पव्वे देसी शराब के बरामद हुए। आरोपी ने बताया कि वह कबाड़ की दुकान की आड़ में अवैध शराब की बिक्री करता है।
आबकारी निरीक्षक रवि जायसवाल ने मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के नाले के पास अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे पवन शर्मा निवासी बिहार को गिरफ्तार किया। इसके पास से 42 पव्वे देसी शराब के बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर 49 में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आबकारी निरीक्षक चंद्रशेखर ने मुखबिर की सूचना पर गुर्जर डेरिन गांव में सब्जी की दुकान की आड़ में शराब बेच रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से 67 पव्वे हरियाणा मार्का देसी शराब के बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह सब्जी की दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब की बिक्री करता है। आरोपी के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज कराया गया है।