
Noida News (चेतना मंच)। यूपी के नोएडा शहर में एक साइबर ठग ने एक युवती को उधार पैसे वापस करने के नाम पर 35 हजार रुपए का चूना लगा दिया। साइबर ठग ने खुद को युवती के पिता का दोस्त बताकर उसे अपने झांसे में ले लिया था। पीड़िता ने अज्ञात ठग के खिलाफ थाना सेक्टर 126 में मुकदमा दर्ज कराया है।
जेपी विश टाउन निवासी प्रिया टंडन ने पुलिस की शिकायत में बताया कि 18 सितंबर को उसके पास मुकेश नामक व्यक्ति का फोन आया। मुकेश ने खुद को उसके पिता का दोस्त बताते हुए कहा कि उस पर उनके पिता के 25 हजार रुपए बकाया हैं जिन्हें वह वापस करना चाह रहा है। मुकेश ने बताया कि उसके पिता ने उसके खाते में रुपए ट्रांसफर करने को कहा है। प्रिया टंडन के मुताबिक मुकेश ने उसके खाते में 20 हजार रुपए ट्रांसफर किए जिसका बाकायदा मैसेज उसके मोबाइल फोन पर आया।
इसके बाद उसके मोबाइल फोन पर 50 हजार रुपए जमा होने का मैसेज आया। कुछ देर बाद मुकेश का फोन आया कि गलती से 35 हजार रुपए उसके अकाउंट में ज्यादा चले गए हैं। मुकेश ने अपनी बातों के जाल में फंसा कर उस से 35 हजार रुपए अपने खाते में यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर करा लिए। कुछ देर बाद जब उसने बैंक बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उस के खाते में 70 हजार रुपए की धनराशि नहीं आई थी।
ठगे जाने का एहसास होने पर उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस सेल की भी मदद ली जा रही है।