
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आयी है। नोएडा के सेक्टर 122 में रहने वाले पति पत्नी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। मृतक व्यक्ति और उसकी पत्नी मूल रुप से मेरठ शहर के रहने वाले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रुप से मेरठ के थाना कंकरखेडा क्षेत्र के कासमपुर निवासी तरुण पुत्र मनोहर लाल द्वितीय तल M-02 सेक्टर 122 नोएडा पर रहते थे। बताया जाता है कि उनके साथ उनकी तलाकशुदा पत्नी सरिता भी रहती थी। नोएडा के थाना सेक्टर 113 पुलिस ने बताया कि तरुण के परिजन लगातार उसे फोन कर रहे थे, लेकिन मोबाइल फोन रिसीव नहीं रहा था।
जिस पर तरुण के परिजनों ने गाजियाबाद जनपद के मुरादनगर में रहने वाले सूरज से संपर्क किया। तरुण के परिजनों के कहने पर सूरज मुरादनगर से नोएडा पहुंचा और तरुण के आवास पर जाकर देखा तो तरुण और उसकी तलाकशुदा पत्नी सरिता कमरे में अचेत अवस्था में पड़े हैं। इस पर सूरज ने स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना सेक्टर 113 पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि तरुण और सरिता की मौत हो चुकी है।
मौके पर जिला फॉरेंसिक टीम ने आकर मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट एवं जहरीले पदार्थ की खाली व भरी हुई डिब्बी मिली है, जिससे स्पष्ट होता है कि दोनों के द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की गई है। दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। Noida News