
Noida News : चीन से इलेक्ट्रानिक सामान मंगाकर स्पीकर तैयार करने व पैकिंग करने वाली नोएडा की एक कंपनी पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने छापेमारी की। हालांकि विभागीय अधिकारी इसे सर्वे किये जाने की बात कह रहे हैं। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने टैक्स चोरी की आशंका भी जाहिर की और कंपनी में मौजूद कंप्युटर व अन्य पत्रावलियों की जांच पड़ताल की।
मंगलवार को इनकम टैक्स की टीम ने नोएडा के स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) में सर्वे किया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली की एक स्पीकर बनाने वाली कंपनी की पैकेजिंग यूनिट पर यह कार्रवाई की गई। मंगलवार की सुबह कंपनी में कर्मचारियों के पहुंचने से पहले ही इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने अपनी कार्यवाही शुरू की।
बताया जाता है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट बेंगलुरु से आई करीब डेढ़ दर्जन अधिकारियों की टीम ने कंपनी के सभी दस्तावेज और कंप्यूटर में मौजूद जानकारी का आकलन किया। जांच में यह भी देखा गया कि क्या चीनी निवेश भी स्पीकर बनाने वाली कंपनी में किया गया है। बुधवार को भी जांच शुरू रहने की संभावना अधिकारियों ने बताई है। इनकम टैक्स कर चोरी को लेकर अभी कोई अधिकारिक रूप से सूचना विभाग की तरफ से नहीं दी गई है।
आपको बता दें कि सितंबर माह में भी इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाने वाली एक कंपनी के तीन ठिकानों पर इसी तरह सर्वे किया गया था। इसमें भी चीन का कनेक्शन होने की संभावना को देखते हुए जांच की गई। यह कार्रवाई भी आयकर विभाग की बेंगलुरु टीम ने की थी। मंगलवार की कार्रवाई को भी इसी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।