
Noida News : देश का सबसे बड़ा महापर्व स्वतंत्रता दिवस मंगलवार को चेतना मंच के नोएडा में स्थित मुख्य कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान चेतना मंच के संपादक आर.पी. रघुवंशी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने भारत माता के इतिहास तथा भविष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मीडिया हाउस एक ऐसी संसद है, जहां 24 घंटे सत्र चलता है और पत्रकार विपक्ष की भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत सबसे पहले ध्वजारोण और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए चेतना मंच के संपादक आर.पी. रघुवंशी ने कहा कि हमे स्वतंत्रता हजारों नहीं लाखों शहीदों के बलिदान के बाद मिला अमूल्य उपहार है। दुर्भाग्वश आजादी के 76 सालों बाद भी देश का गांव, गरीब, भूखा व किसान बदहाल है।
उन्होंने याद दिलाया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह ने कहा था कि देश के विकास का रास्ता खेत और खलियान से होकर गुजरता है। लेकिन इन 76 सालों में हमने खेत और खलियान की सुध नहीं ली है। जीने के लिए पूंजी जरूरी है लेकिन हमारे देश के सरमायदारों ने केवल पूंजी पर ही ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा कि आज जरुरत है कि हम गांव, गरीब, भूखे और किसान की सुध लें तथा उनके विकास पर काम करें। श्री रघुवंशी ने कहा कि चेतना मंच की सच को सच कहने की जिद्द इस देश में जरुर बदलाव लाएगी। हमने प्रण किया है कि जहां कुछ गलत हो रहा है उसे खिलाफ हम खड़े होंगे और जहां अच्छा हो रहा है उसको बताने में देर नहीं करेंगे।
नोएडा के सेक्टर 83 में मनाए गए स्वतंत्रता दिवस समारोह चेतना मंच के समाचार संपादक अरविंद प्रसाद ने महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित समाज ही मजबूत देश खड़ा कर सकता है। खास करके जब हम गांवों में रहने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देंगे तथा उन्हें देश के विकास में भागीदार बनाएंगे तो हमारा देश पूरी तरह बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल खून बहाना नहीं है। देशभक्ति ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों को निभाना तथा देश के प्रति हमेशा जिम्मेदार रहना है। उन्होंने महिला शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि जब हम अपनी घर की बेटियों को अच्छी शिक्षा देंगे तो वह कई घरों को शिक्षित बनाएगी। विदेशों में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं ज्यादा शिक्षित होती है। इसलिए वह विकास में कई गुणा आगे होते हैं।
नोएडा में स्थित चेतना मंच कार्यालय में आयोजित आजादी के जश्न में बोलते हुए चेतना मंच यूट्यूब चैनल की हेड हीना खान ने कहा कि कुछ मीडिया हाउसों में न बोलने की आजादी है और न लिखने की आजादी है, वहीं चेतना मंच में पत्रकार को लिखने और बोलने की पूरी आजादी है। इस अवसर मौजूद कैलिप्स प्रा. लि. के एमडी गौरव रघुवंशी ने कहा कि देश का 65 प्रतिशत युवा कंफर्ट जोन में जीवन जीने में व्यस्त है। जब तक देश का यह 65 प्रतिशत युवा यह तय नहीं करेगा कि मेरा देश, मेरा घर, मेरा गांव और मेरा समाज मेरी जिम्मेदारी है तब तक देश की दशा और दिशा नहीं बदल पाएगी। युवाओं को अपने कर्तव्यों को निभाना होगा, तभी हमारा देश विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनेगा।
गोष्ठी में चेतना मंच की प्रबंध संपादक श्रीमती अंशू नैथानी, वरिष्ठ पत्रकार अरुण सिन्हा, रमाकांड पांडे, देवदत्त शर्मा, महेश कुमार शिवा, लेखा प्रबंधक शीशपाल सिंह, दिनेश गुप्ता, ध्रुव यादव, रानी यादव, मनीष, तुषार, तनुश्री, अर्चनाश्री, रामबहादुर, दिलशाद, अनुप, अनिल कुमार, आनंद सहित चेतना मंच परिवार के अधिकतर सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रतिज्ञा ली गई कि चेतना मंच सच को सच कहने के अभियान को जारी रखेगा। Noida News