Noida News : पेटेंट फाइलिंग में भारत 9वें स्थान पर: डा. पांडे
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:07 AM
Noida : नोएडा । एमिटी विश्वविद्यालय उत्तरप्रदेश द्वारा विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार (डीएसटी) और आईआईटी दिल्ली के सहयोग से डीएसटी-एसटीयूटीआई के अंर्तगत 30 छात्रों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए एक सप्ताह का मॉलेक्यूलर इमेजिंग और स्पेक्ट्रोस्कोपी पर व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी दिल्ली के सोनीपत कैपस में किया गया है। इस अवसर पर विभिन्न संस्थानो और उद्योगों से 30 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार (डीएसटी) की आर एंड डी इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रमुख डा प्रतिष्ठा पांडे ने कहा कि भारत सरकार का विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग सदैव विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा विज्ञान और तकनीकी को प्रोत्साहित करता है। यह एक बहुहितधारक है और इसने विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने और राज्य द्वारा वित्त पोषित विश्वविद्यालयों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं प्रारंभ की है। आज भारत, अनुसंधान और विकास मामले में विश्व में तीसरा स्थान रखता है और पेटेंट फाइलिंग में 9वां स्थान है।
एमिटी सांइस टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन फांउडेशन के अध्यक्ष डा डब्लू सेल्वामूर्ती ने संबोधित करते हुए कहा कि डीएसटी नई रणनीतियों को तैयार करने और क्षमता निर्माण की दिशा में कार्य कर रहा है और शोधकर्ताओं को नवीनतम उपकरणों का प्रयोग करने का प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है इस तरह देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे है। इस अवसर पर आईआईटी दिल्ली के सीआरएफ प्रमुख और एसएटीएचआई के समन्वयक डा पंकज श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे।