
Noida News (अरूण सिन्हा)। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनेगा। पिछले 9 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री ने जो ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं वे किसी से छिपी नहीं हैं। यह कहना है देश के प्रख्यात मूर्ति शिल्पकार पदमश्री राम.वी. सुतार का।
चेतना मंच से विशेष बातचीत में पदमश्री राम.वी. सुतार ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में धारा-370 को खत्म करना, तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त करना, सैकड़ों वर्षों से लंबित श्रीराम मंदिर के विवाद को समाप्त करके अयोध्या में भव्य रामलला का मंदिर बनवाने तथा विश्व के 170 देशों में योग को स्थापित करवाने जैसे कई ऐतिहासिक कार्य करवाये हैं, जिन्हें आजादी के बाद से कोई नहीं करा पाया। इसके अलावा समूचे विश्व में भारत के मान-सम्मान को शीर्ष पर ले जाने तथा विश्व के शक्तिशाली देशों मसलन रूस, अमेरिका द्वारा भारत की प्रशंसा में कसीदे पढऩा दर्शाते हैं कि अब भारत को विश्व गुरू बनने से कोई रोक नहीं सकता है।
शनिवार को सेक्टर-19 में आवास में रामसुतार से वार्ता के दौरान वरिष्ठ पत्रकार व सदस्य हिंदी सलाहकार समिति, वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार दिनेश गौड़ तथा राम सुतार के पुत्र अनिल सुतार भी मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर के सांसद तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा उनके घर आये तथा उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल में सुशासन तथा लोक कल्याणकारी योजनाओं का एक पत्रक भी सौंपा। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा किये गये कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी।
इस दौरान सांसद के साथ भाजपा के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महामंत्री उमेश त्यागी, गणेश जाटव तथा राम.वी. सुतार की पुत्रवधु श्रीमती स्वाती सुतार भी मौजूद थीं। इसके बाद सांसद डा. महेश शर्मा ने लोकसभा के महासचिव रहे डा. योगेन्द्र नारायण से भी मुलाकात की तथा उन्हें प्रधानमंत्री के 9 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का पत्रक सौंपा। Noida News