
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश विधानसभा की पंचायती राज समिति 2022-23 की प्रथम उप समिति के सभापति विपिन कुमार डेविड ने आईआईटी रुड़की नॉलेज पार्क ग्रेटर नोएडा के सभागार में जिला पंचायत विभाग गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद एवं बुलंदशहर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संचालित योजनाओं के तहत जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों, जिला पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों में विकास कार्य को कराया जायें ताकि जनसामान्य को उसका लाभ पहुंच सके।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों, जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायतों में संचालित योजनाओं के तहत जो धनराशि आवंटित की गई है, उसके व्यय का समस्त लेखा-जोखा तथा व्यय धनराशि किस कार्य में लगाई गई है एवं कितना कार्य पूर्ण कराया गया है तथा कितना कार्य शेष है, सब की सूची निर्धारित प्रारूप पर तैयार करते हुए समिति की अगली बैठक में प्रस्तुत करें।
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि उनके द्वारा जनपद के ग्रामों में पहुंचकर ग्रामों में किए जा रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करें और यदि विकास कार्यों में किसी भी तरह की कोई खामी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए, उनका 1 सप्ताह का वेतन रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा पंचायती राज समिति के सदस्य डॉ. मुकेश चंद्र वर्मा, राम अचल राजभर,विधायक तेजपाल नागर, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, डॉ. अमित सिंह चौहान, ओम प्रकाश तथा गौतमबुद्धनगर के मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव तथा गाजियाबाद के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बुलंदशहर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। Noida News