Noida News : उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह की धूम पूरे देश में दिखाई दे रही है। प्राण प्रतिष्ठा के लिए अयोध्या में धार्मिक आयोजनों और अनुष्ठानों का शुभारंभ हो चुका है। नोएडा भी पूरी तरह से राममय नजर आ रहा है। इसी क्रम में नोएडा के सेक्टर 45 में एक स्कूल के बच्चों ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए कलश की स्थापना की।
बुधवार को नोएडा के सेक्टर 45 में स्थित श्री जी संस्कार पब्लिक स्कूल के बच्चों ने राम जन्म भूमि अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए एक कलश की स्थापना करने का निर्णय लिया। जिसमें सभी व्यक्तियों द्वारा अन्नदान कराया जाएगा। विद्यालय के बच्चों ने राम, लक्ष्मण, भरत एवं हनुमान जी सहित माता सीता की एक सुंदर झांकी का प्रस्तुतिकरण भी किया।
कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों ने श्रीराम का नारा लगाते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और झाकियों ने सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर पब्लिक स्कूल वेलफेयर समिति के पदाधिकारी राजेंद्र चौहान, प्रदीप चौहान , जितेंद्र चौहान, राकेश चौहान, श्री जी संस्कार पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अशीश्वर कुमार, अरविन्द व विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रीति उपाध्याय समेत विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।