Noida News : उद्यमिता को बढ़ावा देने और देश की नवाचार संस्कृति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आगामी 25 जुलाई को आईआईएम लखनऊ के नोएडा कैंपस में इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन में देश-विदेश से 50 से अधिक निवेशकों के शामिल होने 'की संभावना है, जो 16 अद्वितीय और संभावनाशील स्टार्टअप को समर्थन प्रदान करेंगे।
इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया जा रहा
सेक्टर 62 स्थित आईआईएम लखनऊ के नोएडा कैंपस में संचालित इन्क्यूबेशन सेंटर द्वारा इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया जा रहा है, जो उभरते उद्यमियों को फंडिंग समेत मेंटरशिप, नेटवर्किंग और स्केल-अप के अवसर प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्टार्टअप्स को हेल्थटेक, एग्रीटेक, फिनटेक, क्लीन एनर्जी, एडटेक और एआई जैसे क्षेत्रों में बेहतर आइडिया पर काम करने वालों को चुना गया है। सभी स्टार्टअप्स को अपने इनोवेटिव उत्पाद और आइडिया को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे पूंजी निवेश और व्यापारिक मार्गदर्शन हासिल कर सकेंगे। संस्थान का कहना है कि करीब 250 से अधिक स्टार्टअप आइडिया के आवेदन आए थे। इनमें से सबसे इनोवेटिव 16 स्टार्टअप्स को ही चुना गया है। वहीं 50 से अधिक निवेशक उन स्टार्टअप के बारे में जानकर उनमें निवेश करेंगे।
कैसे होने चाहिए स्टार्टअप आइडिया, कैसे होता है चयन
संस्थान के अनुसार स्टार्टअप आइडिया देश की तरक्की में सहयोग देने वाला होना चाहिए, लंबे समय तक देश के हर एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाएं। स्टार्टअप लोगों के लिए कितना सहायक होगा और कैसे वह जटिल कार्यों को आसानी से करने में सहायक होगा, साथ ही उन स्टार्ट अप का क्या भविष्य है, उनसे कितनों को रोजगार मिलने की संभावना है और वैश्विक स्तर पर भारत को आर्थिक, सामाजिक रूप से कैसे आगे बढ़ाएगा, इन सभी पहलुओं को गहनता से जांच के बाद ही स्टार्टअप को चुना जाता है।