
Noida News / नोएडा के ईएसआई अस्पताल से चोरी हुए बच्चे का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बच्चे की मां इशरत का रो रोकर बुरा हाल है, वहीं अन्य परिजन भी बेहद परेशान नजर आ रहे हैं। वहीं पुलिस द्वारा नवजात शिशु और आरोपी महिला की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
आपको बता दें कि सेक्टर 24 स्थित ईएसआई अस्पताल से 24 मई की तड़के नवजात बच्चा चोरी होने से हड़कंप मच गया था। खोड़ा कॉलोनी निवासी तनवीर की पत्नी इशरत को प्रसव पीड़ा होने पर उसे 23 मई की सुबह 4:30 बजे प्रसव के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसने 24 मई की तड़के एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। लेकिन बच्चे को जन्म देने के कुछ देर बाद ही उसका बच्चा चोरी कर लिया गया था। बच्चे को चोरी करने की वारदात सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
बच्चा चोरी हुई 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक भी न तो बच्चे का सुराग लग सका है और न ही बच्चा चोरी करने वाली आरोपी महिला का कुछ पता चल सका है। बच्चा न मिल पाने के कारण उसकी मां इशरत का रो रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार के अन्य लोग भी बेहद परेशान हैं। बताया जाता है कि जहां पुलिस द्वारा बच्चे की तलाश की जा रही है, वहीं परिजन भी अपने स्तर से बच्चा चोरी करने वाली महिला की तलाश कर रहे हैं।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए 3 टीमों का गठन किया गया है। तीनों टीम लगातार सर्च आपरेशन चलाए हुए है। जल्द ही घटना का अनावरण कर दिया जाएगा।