
Noida News : नोएडा/ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के जारचा कस्बे में एक दुकान में तेज आवाज में डीजे बजाकर डांस कर रहे कुछ युवकों को टोकना पड़ोसी को खासा महंगा पड़ गया। नशे में धुत्त युवकों ने युवक के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच बचाव के लिए आए युवक के माता-पिता को भी दबंगों ने जमकर पीटा। पीडि़त ने चार भाइयों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के जारचा कस्बे में दुकान चलाने वाले अमित, सुमित राहुल रवि पुत्र प्रेम सिंह नए साल पर 1 जनवरी 2024 की शाम अपनी दुकान में डीजे चलाकर डांस कर रहे थे। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले जनरल सैनी ने उनसे डीजे की आवाज कम करने को कहा तो चारों भाइयों ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जनरल सैनी के मुताबिक चारों भाई शराब के नशे में थे। उसने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ लाठी डंडों से मारपीट की।
मारपीट होते देखकर उसके परिजन उसे बचाने आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच बचाव कर दिया जिसके बाद में घर चले आए इसके बाद नशे में धुत्त चारों भाई लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर आ धमके और एक बार फिर परिजनों के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस संबंध में पीड़ित ने चारों युवकों के खिलाफ थाना जारचा में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से मादक पदार्थों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चरस व गांजा बरामद हुआ है पकड़े गए आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। थाना सेक्टर-49 प्रभारी राम प्रकाश गौतम ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर रचना टी प्वाइंट के पास से मोरना गांव निवासी रोहित को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इसके पास से 2 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह गंजे की पुड़िया बनाकर उनकी बिक्री करता है।
इसके अलावा थाना फेस-3 पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर से एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया है। इसके पास से आधा किलो चरस बरामद हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए बाल अपचारी को पूर्व में भी अपराधिक कृत्य के लिए बाल संरक्षण में लिया गया था।
नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के बहलोलपुर गांव के पास टीवीएस के शोरूम के बाहर लगे जनरेटर से चोरों ने अल्टीनेटर चोरी कर लिया। पुलिस ने शोरूम मालिक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बहलोलपुर गांव के पास टीवीएस कंपनी का शोरूम है। इस शोरूम के बाहर एक बड़ा जनरेटर लगा हुआ है। मंगलवार की रात चोरों ने जनरेटर का अल्टरनेटर चोरी कर लिया है।
आज सुबह जब शोरूम कर्मियों ने जनरेटर चलाने का प्रयास किया तो वह नहीं चला। शोरूम में उन्हें जांच पड़ताल की तो पता चला कि जनरेटर का अल्टरनेटर चोरी हो गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।