
Noida News पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था गौतमबुद्धनगर रविशंकर छवि ने पुलिस बल के साथ चिल्ला बार्डर पर पैदल मार्च करते हुये यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा सभी जोन के डीसीपी, एडीसीपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल मार्च करते हुए संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग का अभियान चलाया।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था गौतमबुद्धनगर ने पुलिस बल के साथ चिल्ला बॉर्डर पर पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल मार्च के दौरान पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध प्रतीत हो रहे वाहनों को रोककर तलाशी ली और नियमों का पालन न करने वाले लोगों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
सभी जोन के डीसीपी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने मेट्रो स्टेशन, मॉल्स व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरों व सुरक्षा कर्मियों को चेक किया। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को भी कड़ी चेतावनी देते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। फुट पेट्रोलिंग के दौरान सभी मुख्य स्थानों, चौराहों पर पुलिसकर्मियों ने टेंपो, टैक्सी, ई-रिक्शा चालकों को सड़क पर वाहन खड़ा ना करने का निर्देश दिया। महिला सुरक्षा इकाई टीम ने भी महिलाओं से संवाद कर उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर के बारे में जागरूक किया।