
Noida News : उत्तर प्रदेश के सबसे आधुनिक शहर ग्रेटर नोएडा के निकट बन रहे जेवर एयरपोर्ट (Noida International Airport) से जुड़ी एक बड़ी खबर है। खबर यह है कि हरियाणा की ओर से आने वाले हवाई यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट तक लाने के लिए जेवर एयरपोर्ट को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित मेट्रो स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद शहर को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए तैयारी की जा रही है। इसके लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) ने वर्ष 2041 का मास्टर प्लान बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मास्टर प्लान के तहत फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी। FMDA अपने प्लान में मेट्रो रेल का प्रावधान करेगा। 2041 के मास्टर प्लान को बनाने की जिम्मेदारी FMDA को दी गई है। प्लान में फरीदाबाद की एनसीआर (नेशनल कैपिटल रीजन) के शहरों से कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय शहर बनाने पर फोकस रहेगा। एफएमडीए सेक्टर-65 से जेवर एयरपोर्ट तक बनाए जा रहे करीब 31 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के आस-पास के एरिया को केंद्र में रखेगा, ताकि यहां हवाई अड्डे की कनेक्टिविटी का फायदा उठाया जा सके।
इसके लिए FMDA सोतई, दयालपुर, फफूंदा, बहबलपुर, पन्हेंड़ा खुर्द, नरियाला, हीरापुर, मोहना आदि गांवों के आस-पास से गुजर रहे एक्सप्रेसवे के दोनों ओर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए योजना बनाने में जुटा हुआ है। सड़क मार्ग से तो जेवर एयरपोर्ट (Noida International Airport) से शहर को जोड़ने पर काम चल रहा है। अब 2041 के प्लान में फरीदाबाद को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए मेट्रो ट्रेन या रैपिड ट्रेन चलाने का प्रावधान किया जाएगा।
जेवर एयरपोर्ट तक जाने वाली मेट्रो रेल का लिंक अभी तय नहीं हुआ है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मेट्रो रेल चलाने का प्रावधान करना है। जब मेट्रो रेल का सर्वे होगा, उस वक्त इसके लिंक के लिए भी सर्वे होगा।
शहर को दनकौर के पास ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए मंझावली गांव में यमुना पर पुल बनाया जा रहा है। इस पुल पर अगले साल सेक्टर ट्रैफिक चलना शुरू हो जाएगा। इसके अलावा एनएचएआई मुख्यालय ने एफएनजी (फरीदाबाद, नोएडा-गाजियाबाद) एक्सप्रेसवे के जरिए शहर को नोएडा से कनेक्टिविटी देने की योजना पर काम कर रहा है। इस एक्सप्रेसवे के लिए ग्रेटर फरीदाबाद के लालपुर गांव के पास सन् 2031 के मास्टर प्लान में यमुना पर पुल का प्रावधान किया गया है।
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) के सीटीपी सुधीर चौहान ने बताया कि 2041 के प्लान के लिए मंथन कर रही टीम ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के साथ-साथ 70 प्रतिशत औद्योगिक गतिविधियों के लिए जमीन का प्रावधान करेगी। 2041 के मास्टर प्लान की तैयारी शुरू कर दी गई है। 66 जेवर हवाई अड्डे तक मेट्रो या रेपिड मैट्रो चलाने का प्रावधान किया जाएगा। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के साथ-साथ यूपी की सीमा तक औद्योगिक गतिविधियों के लिए जमीन का प्रावधान होगा।