
Noida News : नोएडा के लाल के नाम से प्रसिद्ध कांग्रेस नेता जोगिंदर सिंह अवाना ने एक बार फिर कमाल कर दिया। नोएडा में अपनी जन्मभूमि को छोड़कर राजस्थान को कर्मभूमि बनाने वाले जोगिंदर सिंह अवाना के समर्थन में सोमवार को राजस्थान के नदबई विधानसभा क्षेत्र की सड़कों पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को जोगिंदर सिंह अवाना ने नदबई से दूसरी बार विधायक बनने के इरादे से अपना नामांकन पत्र भरा
आपको बता दें कि नदबई से कांग्रेस प्रत्याशी जोगिंदर सिंह अवाना ने सोमवार को विशाल जनसभा करके नामांकन दाखिल किया। अवाना ने अपने नदबई कैंप कार्यालय में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नदबई की जनता ने पिछले विधानसभा चुनाव में मुझे क्षेत्र के विकास की कमान सौंप थी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं। नदबई विधानसभा क्षेत्र पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का विशेष आशीर्वाद रहा इसी का नतीजा है कि नदबई विधानसभा क्षेत्र में पांच हजार करोड रुपए के विकास कार्य हुए हैं। पहले विकास की दृष्टि से पिछड़े हुए नदबई विधानसभा क्षेत्र कि आज दिशा और दशा बदल चुकी है।
एक समय था जब नदबई विधानसभा क्षेत्र के सभी बाजार शाम पांच बजे बंद हो जाया करते थे। पूरे क्षेत्र में बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का आतंक था। आपके वोट की ताकत से ही मैंने क्षेत्र में अमन चैन शांति और भाईचारा कायम किया है। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी पर चुटकी लेते हुए अवाना ने कहा कि मैं पूरे 5 साल आपका भाई और बेटा बनकर नदबई विधानसभा क्षेत्र की सेवा में सक्रिय रहा हूं। अब यह आपको चुनना है कि अधिकांश समय विदेशों में रहने वाला प्रतिनिधि चुनना है या आपके साथ हमेशा खड़ा रहने वाला जनप्रतिनिधि।
विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नदबई विधानसभा क्षेत्र को एक बार फिर से शिक्षा की नगरी बनाने की दिशा में ऐतिहासिक काम हुआ है। 100 से भी ज्यादा नए सीनियर सेकेंडरी और महात्मा गांधी विद्यालय खोलकर आज गांव ढाणी के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का ऐतिहासिक काम हुआ है। नदबई विधानसभा क्षेत्र में उप जिला अस्पताल, उज्जैन में उपखंड मुख्यालय समेत मिनी सचिवालय और दर्जनों सरकारी कार्यालय खुलवा कर गांव गांव ढाणी ढाणी विकास की गंगा पहुंच कर लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ देने का काम हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है। क्षेत्र में अमन व भाईचारा रहने से ही विकास की तमाम योजनाएं जमीन पर उतरने में सफल रही हैं।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने कहा कि नदबई में 1000 करोड रुपए की लागत से सड़कों का जाल बिछा है। 40 वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों के कारण नदबई में उद्योग धंधे नहीं के बराबर थे। आने वाले समय में यदि जनता आशीर्वाद देकर एक बार फिर से विधानसभा भेजती है तो मैं भरोसा दिलाता हूं की नदबई में नोएडा की तर्ज पर उद्योग धंधे स्थापित कराकर क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर नदबई में ही उपलब्ध करवाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी जन्मभूमि नोएडा है।
नोएडा में हमने और हमारे पूर्वजों ने मिलकर जिस तरह से विकास किया और कराया है उसी तरह से नदबई विधानसभा क्षेत्र को नोएडा से भी सुंदर बनाना मेरा सपना भी है और प्रतिज्ञा भी। राजस्थान में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। सरकार बनते ही नदबई विधानसभा क्षेत्र में विकास का दूसरा अध्याय शुरू किया जाएगा। इस दौरान सभा में बड़ी संख्या में नदबई विधानसभा क्षेत्र के लोग पहुंचे थे। नामांकन भरने जाते समय जोगिंदर सिंह अवाना के काफिले के पीछे भारी भीड़ थी। ऐसा लग रहा था कि मानो नदबई की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा हो। पूरे काफिले में उनके पुत्र हिमांशु अवाना तथा कांग्रेस के तमाम प्रमख नेता मौजूद रहे।