
Noida News: पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार को प्योर इंडिया ट्रस्ट के “कम्युनिटी हीरो अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया है। उन्हें ये अवॉर्ड 30 अप्रैल को नोएडा के सेक्टर 91 में स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय “प्योर सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड और सीएसआर सेमिनार” में दिया गया। धर्मेन्द्र कुमार को इस अवॉर्ड में एक मोमेंटो और 5100 रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
भारत की प्रमुख गैर सरकारी संस्था प्योर इंडिया ट्रस्ट ने “कम्युनिटी हीरो अवॉर्ड” के लिए धर्मेन्द्र कुमार का चयन उनके द्वारा किए जाए रहे सामाजिक कार्यों और सकारात्मक मीडिया कवरेज में उत्कृष्टता के लिए किया था। धर्मेन्द्र कुमार के अलावा यूपी कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉक्टर हीरालाल, पंचशील बालक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर नीरज टंडन समेत 30 सामाजिक योद्धाओं को “कम्युनिटी हीरो एवं एनजीओ अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान कई सरकारी अधिकारी, सामाजिक विकास के कार्यों से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने एकजुट होकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मंथन किया।
सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने “कम्युनिटी हीरो अवॉर्ड” दिए जाने के लिए प्योर इंडिया ट्रस्ट के संस्थापक और सीईओ प्रशांत पाल और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार जताया है। धर्मेन्द्र कुमार का कहना है कि ये सम्मान उन्हें सामाजिक कार्यों को और मजबूती के साथ करने के लिए प्रेरित करेगा।