
Noida News (चेतना मंच)। सामाजिक मान मर्यादा व रिश्ते नातों को ताक पर रखकर कलयुगी युवक ने अपनी बुआ की लड़की को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजन की शिकायत पर थाना सेक्टर 58 पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गत दिनों एक युवक ने अपने फुफेरे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित के मुताबिक उसकी नाबालिग बहन को फुफेरा भाई अगवा कर ले गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 62 टी प्वाइंट के पास से आरोपी अरुण पुत्र राजपाल निवासी गंजडुंडवारा जिला कासगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। अगवा किशोरी ने पूछताछ में बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया था। इस पर आरोपी के खिलाफ दर्ज अपहरण के मामले में बलात्कार व पोस्को एक्ट की धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अपराध व अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन दृष्टि के तहत थाना बिसरख पुलिस ने साया जीवन सोसायटी के क्लब हाउस में नागरिकों के साथ बैठक की। नागरिकों को ऑपरेशन दृष्टि के बारे में जानकारी देकर महत्वपूर्ण स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आह्वान किया गया। सोसायटी के क्लब हाउस में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन दृष्टि अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत महत्वपूर्ण स्थानों, सोसाइटियों, चौराहों आदि पर लोगों को पुलिस के सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। डीसीपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगे होने से जहां अपराधी वारदात को अंजाम देने में हिचकते हैं वही किसी वारदात के होने पर उसके खुलासे में सीसीटीवी कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सोसायटी वासियों को उचित एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसीपी द्वितीय ,थाना प्रभारी सहित सोसाइटी के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। Noida News