
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला में रहने वाले एक युवक की आत्महत्या के मामले में परिजनों ने केएफसी के मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि मैनेजर की प्रताड़ना से त्रस्त होकर युवक ने आत्महत्या की है। वहीं इस मामले में पुलिस पर भी लापरवाही बरतने के संगीन आरोप लगे हैं।
मूल रूप से ग्राम कलियान जनपद हाथरस निवासी तेज प्रताप सिंह बरौला गांव में रहता था और एक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करता था। गत 14 सितंबर को उसने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को सूचित कर दिया था। मृतक के भाई दानवीर सिंह ने नोएडा आकर तेज प्रताप के मोबाइल फोन का लॉक खोल मोबाइल फोन से आत्महत्या करने से पूर्व की एक वीडियो मिला। इस वीडियो में तेज प्रताप ने केएफसी के मैनेजर सुनील को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया।
पुलिस के मुताबिक तेज प्रताप सिंह का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले युवती केएफसी के मैनेजर सुनील के संपर्क में आई और उसने तेज प्रताप से दूरी बना ली। तेज प्रताप अपने प्रेमिका की बेवफाई को सहन नहीं कर पाया और उसने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला की नत्थू कॉलोनी में आज सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का कुछ दिनों पूर्व एक्सीडेंट हो गया था और वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि नत्थू कॉलोनी बरौला में रहने वाले रवि नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रवि का कुछ समय पूर्व एक्सीडेंट हो गया था। एक्सीडेंट के बाद उसका मानसिक संतुलन सही नहीं था। रवि अधिकतर घर पर ही रहता था। आज सुबह उसके परिजन घर से बाहर गए हुए थे। इस दौरान उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।