
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण के लाख दावों के बावजूद एसटीपी प्लांट के पानी का प्रयोग सिर्फ कागजों में हो रहा है। इसी की खुली बानगी नोएडा के कार सर्विस स्टेशनों तथा सेक्टरों में देखी जा सकती है। शहर में अभी भी रोजाना लाखों कारें नोएडा प्राधिकरण द्वारा आपूर्ति होने वाले गंगाजल मिश्रित पानी से साफ की जा रही हैं।
इसके बावजूद नोएडा प्राधिकरण की हठधर्मिता देखिये कि जब कोई सूचना के अधिकार के तहत इस बाबत जानकारी मांगता है तो 4 महीने तक उसकी आरटीआई का जवाब नहीं दिया जाता है।
हरौला निवासी राहुल शर्मा ने 4 नवंबर 2022 को ऑनलाइन आरटीआई के जरिए गंगाजल के बेजा इस्तेमाल, जनस्वास्थ्य विभाग में सफाई की व्यवस्था समेत कई सवाल पूछे थे। लेकिन नोएडा प्राधिकरण ने आरटीआई का कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद राहुल शर्मा ने ऑनलाइन प्रथम अपील दायर की।
इस अपील की सुनवाई करते हुए प्राधिकरण के ओएसडी कुमार संजय ने 9 फरवरी 2023 को जनसूचना अधिकारी (नोडल) उप महाप्रबंधक (जनस्वास्थ्य) तथा प्रबंधक (जल) तृतीय को निर्देश दिये कि वे 15 दिनों के अंदर वांछित सूचना आरटीआई ऑनलाइन पोर्टल पर सीधे अपलोड करें। लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक आरटीआई का कोई जवाब नहीं आया।
जनस्वास्थ्य विभाग के उपमहाप्रबंधक एस.पी. सिंह ने बताया कि वांछित सूचना 4-5 दिनों में पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी। कार्य की व्यस्तता तथा अवकाश होने के कारण वांछित जानकारी अपलोड नहीं हो पाई थी।