
Noida News : मूलरूप से नोएडा शहर के सेक्टर-83 के याकूबपुर गांव के रहने वाले प्रसिद्ध किसान नेता चौ. केसरी सिंह गुर्जर की याद में उनकी एक आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उनकी पुण्यतिथि पर हर वर्ष देशभर के किसान संगठन आयोजन करके उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का प्रयास करेंगे। यह फैसला नोएडा के सेक्टर-83 स्थित याकूबपुर गांव में चौधरी केसरी सिंह गुर्जर की तेरहवीं तथा रस्म-पगड़ी के अवसर पर आयोजित शोकसभा में लिया गया।
याकूबपुर गांव के कम्युनिटी सेंटर में मंगलवार को चौ. केसरी सिंह गुर्जर की तेरहवीं पर शोक सभा का आयोजन हुआ। इस मौके पर जनता दल (यूनाईटेड) के राष्ट्रीय महामंत्री केसी त्यागी ने कहा कि चौधरी केसरी सिंह गुर्जर एक प्रसिद्ध किसान नेता तथा समाजसेवी थे। वे सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता थे तथा देहात मोर्चा के संस्थापक थे। उन्होंने कहा कि केसरी सिंह गुर्जर पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह, जनता दल (यू) के नेता शरद यादव तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान जैसे बड़े नेताओं के करीबी थे। केसरी सिंह गुर्जर की प्रमुख मांगों को यह नेता लोकसभा तथा राज्यसभा में प्रमुखता से उठाते थे। उन्हीं के प्रयास से गौतमबुद्धनगर में ऐतिहासिक भट्टा पारसौल जैसा किसान आंदोलन खड़ा हुआ। इसी आंदोलन के कारण केन्द्र सरकार को भूमि अधिग्रहण कानून में परिवर्तन करना पड़ा।
Noida Big Breaking : नोएडा में गेल इंडिया के अधिकारी के यहां CBI की छापेमारी
श्री त्यागी ने कहा कि चौधरी केसरी सिंह गुर्जर हमेशा किसानों, गरीबों, मजदूरों, शोषितों व वंचितों की आवाज को पूरी शिददत के साथ उठाते थे तथा उसके लिए ताउम्र संघर्ष करते रहे।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता तथा पूर्व मंत्री हरिश्चन्द्र भाटी ने प्रस्ताव रखा कि महान किसान नेता केसरी सिंह गुर्जर की याद में एक आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए तथा हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर एक आयोजन किया जाए। सभी ने इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया। हरिश्चन्द्र भाटी ने प्रतिमा के लिए 1 लाख रूपये देने की घोषणा भी की। शोकसभा का संचालन देहात मोर्चा के नेता तथा प्रसिद्ध समाजसेवी चौ. बेगराज गुर्जर ने किया।
इस मौके पर बेगराज गुर्जर ने कहा कि प्रतिमा की स्थापना के लिए शीघ्र ही एक कमेटी गठित की जाएगी तथा स्थल का भी चयन कर लिया जाएगा। शोकसभा में जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय महामंत्री केसी त्यागी, गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा खादी आयोग के पूर्व चेयरमैन डा. यशवीर सिंह, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व समाजवादी चिंतक राजकुमार भाटी, वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री हरिश्चन्द्र भाटी, चेतना मंच के संपादक आर.पी. रघुवंशी, नोएडा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रामशरण नागर एडवोकेट समेत सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद थे। Noida News