
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। गुलावठी में करंट लगने से हुई लाइनमैन की मौत के मामले में विद्युत विभाग अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने आज जमकर हंगामा किया। थाना जारचा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारियों ने परिजनों को आर्थिक सहायता देने का भी आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि ग्राम ततारपुर निवासी विकास राघव पुत्र यदुवीर राघव विद्युत विभाग में लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। बुधवार को विकास राघव गुलावठी गांव में बिजली के फाल्ट को दूर कर रहा था। इस दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव जब ततारपुर गांव पहुंचा तो परिजनों व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारियों ने परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। आर्थिक सहायता मिलने का आश्वासन मिलने पर परिजनों ने विकास राघव का अंतिम संस्कार किया।
थाना बीटा-2 क्षेत्र के साइट-4 स्थित अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड कंपनी में वेल्डिंग का काम करते हुए करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। काम करते समय अचानक वेल्डिंग मशीन में करंट उतर आया था। सेक्टर ओमीक्रोन 1 निवासी 30 वर्षीय इबादत वारसी पुत्र इशरत अली वेल्डिंग का काम करता था। वह बुधवार को साइट-4 स्थित अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड कंपनी में वेल्डिंग का काम कर रहा था। इस दौरान वेल्डिंग मशीन में अचानक करंट उतरने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया और बेहोश होकर गिर गया। गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। इस संबंध में परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। Noida News