
Noida News Live (चेतना मंच)। थाना सेक्टर 20 पुलिस ने 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की दो बाइक व अवैध असलहा बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने एक ऐसी महिला को भी गिरफ्तार किया है, जो केवल सोने की चेन ही चोरी करती थी, जबकि थाना सेक्टर 24 पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की 5 बाइक व दो स्कूटी बरामद की हैं।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर 20 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर अट्टा अंडरपास से सचिन पुत्र धनीराम, संतोष पुत्र महेश व ज्ञान शर्मा पुत्र विनीत शर्मा को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की दो बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह बाइके अट्टा गांव तथा सेक्टर 18 से चोरी की थी। पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की एक बाइक को गत दिनों दिल्ली के त्रिलोकपुरी में एक व्यक्ति को 6 हजार रूपए में बेच दिया था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। एडीसीपी ने बताया कि थाना सेक्टर 24 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर 12,22 तिराहे के पास से राहुल उर्फ लेफ्टी पुत्र मोहित मंडल को गिरफ्तार किया। इसकी निशानदेही पर चोरी की चार बाइक, दो स्कूटी, फर्जी नंबर प्लेट व एक चाकू बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी जीतन के साथ मिलकर नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।
सोने की चेन चुराने वाली एक महिला चोर को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से चोरी की चेन बेचकर प्राप्त हुए 10400 भी बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि गत दिनों एक महिला ने सोने की चेन चोरी कर ली थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। इस दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग हाथ लगे। एक सूचना के आधार पर अट्टा मार्केट से रुबीना खातून पत्नी स्वर्गीय शाहरुख खातून को गिरफ्तार किया गया। महिला के पास से 10400 बरामद हुए। महिला ने बताया कि उसने सोने की चेन चोरी कर उसे दिल्ली के पहाड़गंज में एक राहगीर को 45 हजार रूपये में बेच दिया था। उस से बरामद रुपये उसी चैन को बेचने के बाद मिले थे। आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। Noida News Live