
नोएडा न्यूज लाइव। नोएडा के सेक्टर 62 मे तबीयत खराब होने पर सड़क पर बेहोश पड़े एक व्यक्ति की मदद करने के बहाने चोरों ने उसकी बाइक में बाइक पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोर बेहोश व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करा कर उसकी बाइक और बैग को लेकर चंपत हो गए। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ थाना सेक्टर 58 में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के ग्राम चौड़ा सादतपुर निवासी सचिन कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी बाइक से सेक्टर 62 के सी ब्लॉक आए थे। इस दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और वह सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े। इस दौरान कुछ लोग उसे उसकी बाइक पर बैठाकर ईएसआई लेकर गए और अस्पताल में भर्ती कराया। सचिन के मुताबिक कुछ समय बाद जब उसकी तबीयत सही हुई तो पता चला कि उसका बैग और बाइक गायब थी।
पीड़ित के मुताबिक उसने आसपास अपने बैग और बाइक की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 18 में एक युवक ने अपने परिचित के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी पीड़ित का लैपटॉप, मोबाइल फोन, इयरबड्स व जरूरी दस्तावेजों को भी अपने साथ ले गया। न्यू रोशनपुरा छावला नई दिल्ली निवासी राहुल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 13 अक्टूबर को अपने घर से सेक्टर 38 स्थित रिलायंस मार्ट बाजार के लिए आया था। वह अंडरपास के ऊपर खड़ा होकर किसी का इंतजार कर रहा था।
इस दौरान उसका पूर्व परिचित राजकुमार राठी उसके पास पहुंचा और गाली गलौज शुरू कर दी। गाली गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और नुकीली वस्तु से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका लैपटॉप, मोबाइल फोन, चार्जर, नकदी व ऑफिस के कागजातों को अपने साथ ले गया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी राजकुमार राठी पूर्व में उसकी पत्नी के साथ मंत्रा फ्लिपकार्ट में काम करता था। आरोपी के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक 3 पुलिस ने जिलाबदर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने पूर्व में 6 माह के लिए जिलाबदर किया था। थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सुत्याना गांव निवासी नरेश नागर पुत्र स्वर्गीय बलराम सिंह नागर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को कुछ दिनों पूर्व पुलिस आयुक्त न्यायालय द्वारा 6 माह के लिए जिला बदर किया गया था। पुलिस द्वारा जिला बदर किए जाने का नोटिस भी आरोपी को तामिल करा दिया गया था। इसके बावजूद भी आरोपी अपने घर में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।